सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सागर जिले के सभी बैंकों में एक साथ पुलिस की जांच

SHARE:


CCTV कैमरों, अलार्म सिस्टम, स्ट्रांग रूम, कैश सुरक्षा और सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था का किया निरीक्षण
सागर, 21 सितंबर 2026। बैंक एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा सोमवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों की एक साथ सुरक्षा जांच की गई। पुलिस अधीक्षक  अनुराग सुजानिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर  नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं बीट प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस की इस जांच का मुख्य उद्देश्य बैंक परिसरों, कर्मचारियों और ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ किसी भी संभावित आपराधिक अथवा संदिग्ध गतिविधि की रोकथाम के लिए सुरक्षा इंतजामों को प्रभावी बनाना रहा।
CCTV कैमरों और सुरक्षा उपकरणों की जांच
जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंकों में लगे CCTV कैमरों की स्थिति एवं कार्यशीलता का परीक्षण किया। कैमरों की कवरेज, रिकॉर्डिंग की व्यवस्था तथा रिकॉर्डिंग के बैकअप को भी देखा गया। इसके अलावा बैंक के प्रवेश एवं निकास द्वार, सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता एवं सतर्कता, अलार्म सिस्टम, अग्निशमन उपकरण, स्ट्रांग रूम तथा कैश से संबंधित सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए CCTV कैमरों को ऐसी दिशा में लगाने की सलाह दी, जिससे बैंक परिसर के महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी निगरानी हो सके। साथ ही रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने और सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।
संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को दें सूचना
बैंक प्रबंधन और सुरक्षा गार्डों को समझाइश दी गई कि बैंक परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित पुलिस थाना या पुलिस अधिकारी को सूचना दें। सुरक्षा गार्डों को भी ड्यूटी के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा बैंक परिसर में आने-जाने वाले लोगों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस और बैंक प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों, बीट प्रभारियों एवं संबंधित बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान पुलिस एवं बैंक अधिकारियों द्वारा एक-दूसरे के मोबाइल नंबर और संपर्क विवरण साझा किए गए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, सुरक्षा संबंधी समस्या अथवा आपात स्थिति में तत्काल संपर्क स्थापित किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन से कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में पुलिस के साथ त्वरित समन्वय बनाए रखें। सुरक्षा व्यवस्था में यदि किसी प्रकार की कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाए, ताकि बैंक परिसर में आने वाले ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
नियमित समीक्षा और निगरानी जारी रखेगी पुलिस
सागर पुलिस ने बैंक प्रबंधन से सुरक्षा मानकों का नियमित परीक्षण करने, CCTV कैमरों एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील रखने, सुरक्षा गार्डों की सतर्कता सुनिश्चित करने तथा स्थानीय पुलिस के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा की है।
सागर पुलिस द्वारा जिले के बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा एवं निगरानी आगे भी जारी रखी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य बैंक परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ संभावित घटनाओं की रोकथाम और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें