रजाखेड़ी बजरिया में कला पथिक दल का प्रभावी नुक्कड़ मंचीय कार्यक्रम, विधायक प्रदीप लारिया की उपस्थिति में गूंजा सकारात्मक बदलाव का संदेश

SHARE:

सेवा संकल्प के संदेश को रंगमंच ने दी जीवंत अभिव्यक्ति

सागर/29.09.2026; सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत देश में आए सकारात्मक बदलावों, जनकल्याणकारी कार्यों और सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को रजाखेड़ी बजरिया स्थित टीन शेड में कला पथिक दल द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रभावी मंचन किया गया। कार्यक्रम में नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में गायन, वादन एवं नुक्कड़ मंचीय माध्यम से सामाजिक सरोकार, जनसेवा और देश में हुए सकारात्मक परिवर्तनों को सरल, रोचक और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध किया और सेवा, सहभागिता तथा सकारात्मक सोच के संदेश को सहज रूप से लोगों तक पहुंचाया।

बच्चों के लिए बना जीवंत सीखने का अवसर

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजाखेड़ी एवं हुकुमचंद मेमोरियल स्कूल के विद्यार्थियों की सहभागिता रही। विद्यार्थियों ने मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से देश में हो रहे सकारात्मक बदलावों को केवल देखा ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक जीवन से जोड़कर समझने का अवसर भी प्राप्त किया।

इस अवसर पर विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने कहा कि पुस्तकों से मिलने वाली शिक्षा के साथ समाज और देश में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों को प्रत्यक्ष रूप से समझना बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सांस्कृतिक माध्यमों से दिया गया संदेश लंबे समय तक स्मृति में रहता है और बच्चों में जिम्मेदारी, संवेदनशीलता तथा राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करता है।

सांस्कृतिक प्रस्तुति जैसे माध्यमों की यही विशेषता रही कि उन्होंने जटिल विषयों को संवाद, अभिनय, संगीत और स्थानीय भाषा-शैली के माध्यम से सहज बनाकर आमजन तक पहुंचाया। इससे सेवा कार्यों और विकास की अवधारणा को केवल सूचना के रूप में नहीं, बल्कि अनुभव और सहभागिता के रूप में समझने का अवसर मिला।

विधायक लारिया ने कला पथिक दल के कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समाज को जोड़ने, जागरूकता बढ़ाने और नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे देश में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों को समझें और स्वयं भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की भावना विकसित करें।
इस सार्थक एवं सारगर्भित कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री लारिया ने युवाओं एवं नागरिकों को जागरूक एवं प्रेरित कर नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में कला पथिक दल, नपाध्यक्ष मकरोनिया, पार्षदगण, एल्डरमैन,भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति, सीएमओ मकरोनिया सहित नपा अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने रजाखेड़ी बजरिया में सेवा, संस्कार और सकारात्मक परिवर्तन का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें