थाना यातायात जिला सागर दिनांक 29/09/26
18 चार पहिया वाहनों पर कार्रवाई, ₹9,000 समन शुल्क वसूल
सागर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने तथा पैदल यात्रियों के आवागमन को सुचारु रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में सिविल लाइन से तिली रोड मार्ग पर फुटपाथ पर वाहन खड़े कर यातायात एवं पैदल आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले 18 चार पहिया वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ₹9,000 समन शुल्क वसूल किया गया।
यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री मयंक चौहान एवं प्रभारी यातायात श्री मोहन सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम द्वारा की गई।
यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी गई कि फुटपाथ पैदल यात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के लिए है, यहां वाहनों की पार्किंग न करें। वाहन चालकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में फुटपाथ पर वाहन पार्क किया हुआ पाए जाने पर क्रेन के माध्यम से वाहन जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और फुटपाथ को पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं अतिक्रमणमुक्त रखने में पुलिस का सहयोग करें।
सागर यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के लिए कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।







