बहन का बदला लेने भाई बना जल्लाद, किए कई बार…. बहन को ब्लैकमेल करने वाले का किया सरेराह कत्ल

SHARE:

बहन के आपत्तिजनक वीडियो को लेकर विवाद, भाई ने युवक की हत्या की

सागर में 16 सेकंड में लोहे के पाइप से 15 वार, होटल पैराडाइज के सामने दिनदहाड़े वारदात; आरोपी गिरफ्तार

सागर। मकरोनिया थाना क्षेत्र में होटल पैराडाइज के सामने 27 सितंबर की दोपहर एक युवक की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। चाय की टपरी पर बातचीत के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोपी जय द्विवेदी ने अंकित पटेल पर लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी करीब 16 सेकंड में 15 बार लोहे के पाइप से वार करता नजर आ रहा है। गंभीर रूप से घायल अंकित की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को वहां से जाने के लिए कहा। सूचना मिलने पर मकरोनिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अंकित को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

लव मैरिज के बाद हुआ था तलाक

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक अंकित पटेल ने आरोपी जय द्विवेदी की बहन से प्रेम विवाह किया था। हालांकि कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और उनका तलाक हो गया। इसके बाद भी दोनों परिवारों के बीच विवाद बना रहा।

आरोपी के परिजनों का आरोप है कि तलाक के बाद भी अंकित उसकी बहन को परेशान करता था और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। परिवार के मुताबिक, इस संबंध में युवती ने अपने माता-पिता को जानकारी दी थी। परिजनों ने अंकित और उसके परिवार को समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।

शादी के दौरान फोटो भेजने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि जय की बड़ी बहन की शादी के दौरान अंकित ने उसके ससुराल पक्ष के लोगों को छोटी बहन के आपत्तिजनक फोटो भेज दिए थे। परिवार का कहना है कि इसके बाद विवाद और बढ़ गया।

जय के पिता रामजी द्विवेदी ने आरोप लगाया कि अंकित से परेशान होकर उन्होंने उसे तीन लाख रुपए भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद कथित तौर पर फोटो और वीडियो भेजने का सिलसिला नहीं रुका। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

20 सितंबर को सागर आया था जय

परिजनों के अनुसार जय द्विवेदी जयपुर में रहता था और 20 सितंबर को सागर आया था। उसकी नौकरी लग चुकी थी और उसे 1 अक्टूबर को ज्वाइन करना था। परिवार का दावा है कि सागर आने के बाद मोहल्ले के एक युवक ने जय को बताया कि उसकी बहन का कथित आपत्तिजनक वीडियो इंस्टाग्राम पर आया है। यह जानकारी मिलने के बाद जय आक्रोशित था।

27 सितंबर को होटल पैराडाइज के सामने मार्केट में जय और अंकित आमने-सामने आए। दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और जय ने लोहे के पाइप से अंकित पर हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में हमले की पूरी घटना कैद हुई है।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच

मकरोनिया पुलिस ने जय द्विवेदी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना के सीसीटीवी फुटेज, दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद, तलाक से जुड़े घटनाक्रम और कथित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सोशल मीडिया पर कथित वीडियो किसके द्वारा प्रसारित किया गया था।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें