320 पाव शराब बरामद, करीब ₹32 हजार की शराब जब्त; दोनों आरोपियों पर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
सागर, 2 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध शराब के विक्रय, परिवहन और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोतीनगर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 320 पाव यानी 57.6 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹32,000 है, बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को थाना मोतीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुरई रोड स्थित गल्ला मंडी के पास सागर ढाबा के पीछे टीन शेड के नीचे अवैध शराब रखी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर वहां मौजूद दो व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस टीम ने राहगीर गवाहों की सहायता से पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना नाम अंशित जैन (19), पिता प्रदीप जैन, निवासी निरंकारी भवन के पास, शास्त्री वार्ड, थाना मोतीनगर, सागर तथा आदर्श पटेल (19), पिता पुरुषोत्तम पटेल, निवासी राधा तिराहा, थाना कोतवाली, सागर बताया।
पुलिस ने मौके पर रखे कार्टून, बैग और प्लास्टिक की बोरी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 320 पाव शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 57.6 लीटर और अनुमानित कीमत ₹32,000 बताई गई है। शराब रखने और उसके विक्रय से संबंधित वैध लाइसेंस मांगे जाने पर आरोपी कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक जयसिंह, सहायक उप निरीक्षक दीपचंद उइके, प्रधान आरक्षक दिनेश यादव, प्रधान आरक्षक सुनील चौबे, आरक्षक मधुर, आरक्षक सत्येन्द्र एवं आरक्षक राजवीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने की अपील
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन अथवा विक्रय से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।







