सेवा संकल्प अभियान: मालथौन-खुरई में सरकार आपके द्वार, स्वास्थ्य जांच के साथ हितग्राहियों को करोड़ों की सौगात

SHARE:


सेवा सेतु शिविरों में 478 आवेदन प्राप्त, 116 का मौके पर निराकरण; स्व-सहायता समूहों को ₹1.05 करोड़ का क्रेडिट लिंकेज


मालथौन/खुरई, 3 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को मालथौन और खुरई में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय सेवा सेतु एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में नागरिकों की स्वास्थ्य जांच के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए गए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
जिला पंचायत की पूर्व उपाध्यक्ष  सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण करना है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से आग्रह किया कि वे महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
मालथौन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान
मालथौन बस स्टैंड परिसर में आयोजित शिविर के दौरान ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत सराहनीय कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा करीब 200 कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।
सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार, बच्चों को भोजन, किताबें, खेल सामग्री और टीकाकरण सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने केंद्र समय पर खोलने और शासन की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
मालथौन में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सहायता राशि एवं लाभ प्रदान किए गए। संबल योजना के 6 हितग्राहियों को ₹16 लाख, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 10 हितग्राहियों तथा मनरेगा की मां की बगिया योजना के 5 हितग्राहियों को ₹5 लाख की राशि प्रदान की गई। वहीं आजीविका मिशन के तहत 30 स्व-सहायता समूहों को ₹1.05 करोड़ का क्रेडिट लिंकेज लाभ दिया गया। संबल योजना के तहत एक परिवार को ₹4 लाख की सहायता राशि भी प्रदान की गई।
खुरई में 307 आवेदन, 48 का मौके पर निराकरण
खुरई जनपद पंचायत क्षेत्र में आयोजित सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 307 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें ऊर्जा विभाग के 4, किसान कल्याण के 20, खाद्य विभाग के 12, आजीविका मिशन के 135, प्रधानमंत्री आवास के 60, महिला एवं बाल विकास के 27, श्रम विभाग के 30, सामाजिक न्याय पेंशन के 11 तथा स्वास्थ्य विभाग के आयुष्मान से संबंधित 7 आवेदन शामिल रहे।
इनमें से संबंधित विभागों द्वारा 48 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
मालथौन में 171 आवेदन, 68 का तत्काल निराकरण
मालथौन ब्लॉक स्तरीय शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 8, राजस्व विभाग के 91, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 2, श्रम विभाग के 6, सामाजिक न्याय विभाग के 18 तथा स्वास्थ्य विभाग के 2 सहित कुल 171 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 68 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
इस प्रकार दोनों शिविरों में कुल 478 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 116 का तत्काल निराकरण संबंधित विभागों द्वारा किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में बीपी-शुगर समेत जांच
खुरई के महाकाली टीनशेड में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों की बीपी, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच निःशुल्क की गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनके आवेदन भी लिए गए।
श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के सामने रखें और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
विकास कार्यों का भी किया उल्लेख
श्रीमती सरोज भूपेन्द्र सिंह ने क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि नौदुर्गा से क्षेत्र के घरों तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा स्कूल एवं आंगनवाड़ी भवन, कॉलेज, ऑडिटोरियम, खेल भवन, मंदिर, सड़क निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों से क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की अनेक योजनाएं महिलाओं और आमजन के लिए संचालित हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
4 अक्टूबर को नगरीय निकायों में होंगे सेवा सेतु शिविर
सेवा संकल्प अभियान के तहत 4 अक्टूबर को खुरई विधानसभा क्षेत्र के सभी नगरीय निकायों में सेवा सेतु ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। खुरई नगर पालिका के शिविर में पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह उपस्थित रहेंगे, जबकि बांदरी और बरोदियाकलां के शिविरों में सरोज भूपेन्द्र सिंह उपस्थित रहेंगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें