खुरई में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में 265 आवेदन दर्ज, 210 का मौके पर निराकरण

SHARE:


सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ, हितग्राहियों को योजनाओं के प्रमाण पत्र वितरित


खुरई। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह की उपस्थिति में नगरपालिका खुरई के महाकाली शेड में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किया गया। सेवा सेतु शिविर के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 265 आवेदन पोर्टल पर दर्ज किए गए, जिनमें से 210 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के 46 प्रमाण पत्र भी जारी किए गए।
कार्यक्रम में विधायक भूपेन्द्र सिंह ने ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
आंगनबाड़ी केंद्र संजीवनी की तरह काम कर रहे
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां बड़े अस्पताल दूर होते हैं, वहां आंगनबाड़ी केंद्र संजीवनी का काम करते हैं। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को समय पर टीकाकरण, पोषण और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने इन्हें स्वस्थ, सशक्त और कुपोषण मुक्त भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लखपति दीदी, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी और नमो ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का काम किया जा रहा है।
आटो चालकों को दिए गार्बेज बैग, ₹11 हजार पुरस्कार की घोषणा
स्वच्छ खुरई अभियान के तहत नगर के ऑटो रिक्शा चालकों को नगरपालिका की ओर से गार्बेज बैग वितरित किए गए। विधायक भूपेन्द्र सिंह ने घोषणा की कि जो ऑटो रिक्शा चालक सबसे अधिक गार्बेज बैग का उपयोग करेगा, उसे ₹11 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए नगरपालिका कार्यालय में अलग डेस्क बनाई गई है।
उन्होंने सेवा सेतु शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल और स्व-सहायता समूहों के उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण भी किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 200 प्रमाण पत्र, पीएम स्वनिधि के 43 हितग्राहियों को लाभ
आंगन मिलन कार्यक्रम के तहत 200 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के 43 हितग्राहियों को ₹15-₹15 हजार की राशि प्रदान की गई। संसद योजना के तहत तीन परिवारों को ₹2 लाख की सहायता दी गई।
शिविर में सभी विभागों द्वारा हितग्राहियों के पंजीयन के लिए स्टॉल लगाए गए थे। साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जिसका लोगों ने लाभ लिया।
भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि मालथौन की नल-जल योजना का शुभारंभ नवरात्रि में किया जाएगा और इसके बाद जल्द ही खुरई की नल-जल योजना भी शुरू होगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद बलराम यादव, एसडीएम सतीश वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष नन्हीं बाई अहिरवार, महिला मोर्चा जिला महामंत्री रश्मि सोनी, लाड़ली लक्ष्मी योजना की लाभार्थी छात्रा महक चढ़ार सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने संबोधित किया। संचालन पार्षद नीतिराज पटेल ने किया।
कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष एवं नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौधरी, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, तहसीलदार सतनामी, टीआई योगेन्द्र सिंह, मंडल अध्यक्ष रवींद्र सिंह, राजपाल सिंह, एडीपीओ वर्षा रघुवंशी सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, योजनाओं के लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में नारीशक्ति उपस्थित रही।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें