एमपी ई-सेवा ऐप से होगी रजिस्ट्री इनिशिएशन की कार्यवाही, तहसीलदार-नायब तहसीलदार करेंगे रोजाना मॉनिटरिंग
सागर। स्वामित्व योजना के तहत आबादी भूमि से जुड़े प्रकरणों में रजिस्ट्री इनिशिएशन की कार्यवाही को गति देने के लिए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक तहसील में 100 प्रकरणों के रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य निर्धारित कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने बताया कि स्वामित्व योजना के लंबित एवं नए प्राप्त प्रकरणों में रजिस्ट्री इनिशिएशन की प्रक्रिया अब एमपी ई-सेवा मोबाइल ऐप/पोर्टल के माध्यम से भी की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के लिए मैदानी अमले को तत्काल सक्रिय किया जाए।
पटवारी, पंचायत सचिव और सीएससी ऑपरेटरों को जिम्मेदारी
सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र के हल्का एवं वृत्त में पदस्थ संबंधित मैदानी अमले, पटवारी, पंचायत सचिव एवं सीएससी ऑपरेटरों को एमपी ई-सेवा ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन इनिशिएशन का कार्य करने के लिए तत्काल निर्देशित करेंगे।
स्वामित्व योजना के लंबित तथा नए प्राप्त सभी प्रकरणों की एंट्री एवं रजिस्ट्री इनिशिएशन का कार्य प्राथमिकता के साथ ऐप के माध्यम से कराने के निर्देश दिए गए हैं।
रोजाना होगी प्रगति की समीक्षा
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने निर्देश दिए कि सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार अपने अधीनस्थ पटवारियों द्वारा ऐप पर की जा रही प्रविष्टियों और रजिस्ट्री इनिशिएशन की प्रगति की दैनिक समीक्षा करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाई जाए और लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वामित्व योजना के कार्य में मैदानी अमले की सक्रियता और नियमित मॉनिटरिंग बेहद महत्वपूर्ण है।







