सेना भर्ती रैली: पांचवें दिन 540 अभ्यर्थियों ने दौड़ में सफलता हासिल की

SHARE:

सागर, 05 अक्टूबर 2026

सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर द्वारा इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर में आयोजित वार्षिक अग्निवीर भर्ती रैली के पांचवें दिन अभ्यर्थियों में उत्साह और अनुशासन देखा गया। 01 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोजित भर्ती प्रक्रिया में युवा पूरे लगन और देशभक्ति के जज्बे के साथ शामिल हो रहे हैं।

रैली के पांचवें दिन कुल 851 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कड़ी शारीरिक परीक्षा और प्रतिस्पर्धा के उपरांत 540 अभ्यर्थियों ने दौड़ में सफलता हासिल कर अगले चरण में प्रवेश किया। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके बाद अभ्यर्थी शारीरिक प्रवीणता परीक्षण, शारीरिक मापदंड एवं मेडिकल जांच की प्रक्रिया से गुजरेंगे।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए होटल पैराडाइज के पीछे शिव पार्वती मैरिज गार्डन में ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए विशेष ‘आर्मी भर्ती स्पेशल ट्रेन’ का संचालन भी किया जा रहा है। मकरोनिया से मुरैना के लिए ट्रेन क्रमांक 01711 शाम 6 बजे तथा ट्रेन क्रमांक 01832 सुबह 2:15 बजे, जबकि मकरोनिया से भिंड के लिए ट्रेन क्रमांक 01834 सुबह 3:15 बजे संचालित की जा रही है। अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सारणी के अनुसार यात्रा की योजना बनाने की अपील की गई है।

सागर जिला प्रशासन एवं सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर के संयुक्त तत्वावधान में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराई जा रही है। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि भारतीय सेना में चयन पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं केवल योग्यता के आधार पर होता है। भर्ती में किसी भी प्रकार की दलाली अथवा अनुचित साधनों का कोई स्थान नहीं है। अभ्यर्थी अनधिकृत व्यक्तियों या दलालों के बहकावे में न आएं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें