सागर, 06 अक्टूबर 2026। जनपद पंचायत सागर के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।
नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत पगारा, रुसाल्ला, बमोरी बीका, रिछावर, खेजराबाग, खेजरा बुधू, गढ़पहरा मुहली और बरपानी में कार्यक्रम आयोजित हुए। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए नशे से दूरी बनाए रखने का संकल्प लिया।
विद्यार्थियों को भी दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
इसी क्रम में शासकीय कलापथक दल द्वारा बिलहरा नगर परिषद के अंतर्गत स्थित सांदीपनि विद्यालय में भी नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए जीवन में नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक जागरूकता और सहभागिता जरूरी है।
नशा मुक्ति अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों और युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से दूर रखते हुए स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण करना है।







