रैम्प कार्यशाला में उद्यमियों को योजनाओं और व्यवसाय विकास की जानकारी

SHARE:


वित्तीय जागरूकता, गुणवत्ता सुधार, ब्रांडिंग और व्यवसाय के औपचारिकीकरण पर विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन


सागर, 6 अक्टूबर 2026। कलेक्टर  प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की योजना के तहत होटल राम सरोज में दो दिवसीय रैम्प कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के उद्यमियों एवं स्वसहायता समूहों को केंद्र और राज्य शासन द्वारा संचालित उद्यमिता एवं व्यवसाय विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का उद्देश्य जिले के उद्यमियों, आकांक्षी युवाओं और स्वसहायता समूहों को शासन की योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें वित्तीय जागरूकता, व्यवसाय के औपचारिकीकरण, गुणवत्ता सुधार, बौद्धिक संपदा संरक्षण और सतत व्यवसाय संचालन के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में संयुक्त संचालक उद्योग टी.आर. रावत, जी.एल. पुनताम्बेकर, प्राध्यापक (रि.) डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अरविन्द भाई,  दवेंदर सिंह चावला,  सरनेन्द्र जैन, अध्यक्ष साइट, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सागर सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।
योजनाओं का लाभ लेकर व्यवसाय बढ़ाने पर जोर
कार्यशाला के प्रथम दिवस उद्यमियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेकर अपने व्यवसाय को सुचारू रूप से संचालित करने तथा उसे निरंतर आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान प्रोत्साहन योजना एवं मध्यप्रदेश में भू-आवंटन नियमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
श्री जी.एल. पुनताम्बेकर ने कॉस्ट एकाउंटिंग विषय पर सहज भाषा में जानकारी देते हुए उत्पादन लागत को कम करने के विभिन्न उपायों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने व्यवसाय में लागत प्रबंधन को बेहतर बनाने और उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।
जिले में उद्योगों के लिए संसाधन उपलब्ध
लघु उद्योग भारती, सागर के जिलाध्यक्ष  अरविन्द भाई ने कहा कि जिले में लघु उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने उद्यमियों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर जिले में उद्योग एवं व्यवसाय को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
प्रथम दिवस प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी और व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया।
गुणवत्ता, ब्रांडिंग और बौद्धिक संपदा पर भी प्रशिक्षण
कार्यशाला में व्यवसाय को औपचारिक रूप देने, वित्तीय प्रबंधन को मजबूत बनाने, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, बौद्धिक संपदा की सुरक्षा, स्थानीय उत्पादों की पहचान एवं ब्रांडिंग तथा संसाधनों के कुशल उपयोग जैसे विषयों पर विषय-विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी दी।
दूसरे दिन स्टार्टअप और इनोवेशन पर रहेगा फोकस
दो दिवसीय कार्यशाला के दूसरे दिन स्टार्टअप अवेयरनेस, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नेशनल इनोवेशन चैलेंज, ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) अवेयरनेस और वित्तीय जागरूकता जैसे विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। कार्यशाला के माध्यम से उद्यमियों और युवाओं को शासन की योजनाओं से जोड़कर व्यवसाय को मजबूत एवं प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में प्रोत्साहित किया जा रहा है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें