विश्वविद्यालय में ऐपएक्स 2026 – आईडिया टू इनोवेशन मोबाइल ऐप चैलेंज कार्यक्रम आयोजित
सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस और एप्लीकेशन विभाग एवं डॉ. हरिसिंह गौर इन्क्यूबेशन सेंटर द्वारा एक दिवसीय ऐपएक्स 2026 – आईडिया टू इनोवेशन मोबाइल ऐप चैलेंज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत, सितंबर की शुरुआत में छात्रों को यूनिवर्सिटी से जुड़ी समस्याओं को हल करने वाले ऐप्स डिज़ाइन करने की चुनौती दी गई थी।
कार्यक्रम का आयोजन, मुख्य अतिथि प्रो. जी.एल. पुणतांबेकर, (वाणिज्य कर विभाग), डॉ. हरिसिंह गौर इन्क्यूबेशन सेंटर के समन्वयक डॉ. अभिषेक बंसल, इनोविट टेक्नोलॉजी हैदराबाद के सह-संस्थापक और सीईओ श्री अनुज तिवारी तथा संकाय सदस्य, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति में हुआ।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि प्रो. जी.एल. पुणतांबेकर ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को स्टार्टअप के माध्यम से नौकरी तलाशने के बजाय नौकरी सृजक बनने की आवश्यकता है, और विचारों को स्टार्टअप में परिवर्तित करने की भूमिका पर बल दिया। साथ ही केंद्र सरकार की सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के बारे में विस्तार से चर्चा की और विभिन्न विचारों को विद्यार्थियों के समक्ष रखा साथ ही अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस उद्देश्य से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित भी किया।
कार्यक्रम में इनोविट टेक्नोलॉजी हैदराबाद के सह-संस्थापक और सीईओ श्री अनुज तिवारी और उनकी टीम ने छात्रों को उनके स्वयं के अनुभवों से सीखने को प्रेरित किया साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के विचारों को वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान में बदलने में मदद करते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की 10 टीमो ने विभिन्न क्षेत्रों में अपने-अपने स्टार्टअप आइडिया प्रस्तुत किए ।
डॉ. हरिसिंह गौर इन्क्यूबेशन सेंटर के समन्वयक डॉ. अभिषेक बंसल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने बताया कि ‘ऐपएक्स 2026 – आईडिया टू इनोवेशन मोबाइल ऐप चैलेंज कार्यक्रम’ विद्यार्थियों को अपने नवाचार प्रस्तुत करने का एक मंच प्रदान करता है, इस मंच के माध्यम से टॉप टीमों का चयन किया जाएगा। जो टीमें चयनित होंगी, उनको मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम की सहायता से संचालित डॉ हरिसिंह गौर इन्क्यूबेशन सेंटर द्वार उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन डॉ कविता साहू, सहायक प्राध्यापक, कंप्यूटर विज्ञान विभाग द्वारा दिया गया, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, संकाय सहयोगियों एवं विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम में भागीदारी हेतु शुभकामनाएँ दी गई।







