गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोतीनगर और सिविल लाइन थानों के मामलों में भी था वांछित
सागर, 21 अक्टूबर 2026। सागर जिले की गोपालगंज पुलिस ने हत्या एवं हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में फरार चल रहे ₹1,000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल रजक (27 वर्ष), निवासी तिली चौपड़ा मंदिर के पास, थाना गोपालगंज, जिला सागर के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध विभिन्न मामलों में न्यायालय के 6 स्थायी गिरफ्तारी वारंट और 1 गिरफ्तारी वारंट लंबित थे, जिनकी तामील की गई है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर गल्ला मैदान से पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को उपनिरीक्षक नीरज जैन पुलिस बल के साथ वारंटियों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी आरोपी अनिल रजक तिली स्थित गल्ला मैदान में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
हत्या के प्रयास सहित कई मामलों में था फरार
आरोपी के विरुद्ध थाना गोपालगंज में अपराध क्रमांक 279/2023 के तहत हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज है। इस प्रकरण में न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसके अलावा आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2017, 2018 और 2022 के अन्य मामलों में भी वारंट लंबित थे।
मोतीनगर और सिविल लाइन के मामलों में भी वांछित
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जिले के अन्य थानों से उसके विरुद्ध लंबित मामलों और वारंटों की जानकारी जुटाई गई। इस दौरान थाना मोतीनगर के अपराध क्रमांक 600/2015 में मारपीट एवं धमकी से संबंधित मामला सामने आया। वहीं, थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 235/2019 में हत्या से संबंधित प्रकरण में भी आरोपी के विरुद्ध स्थायी गिरफ्तारी वारंट की जानकारी मिली।
इस प्रकार पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विभिन्न मामलों में कुल 6 स्थायी गिरफ्तारी वारंट और 1 गिरफ्तारी वारंट की तामील की। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और उसे संबंधित वारंटों के पालन में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नीरज जैन, प्रधान आरक्षक दीपक, प्रधान आरक्षक अनिल प्रभाकर, आरक्षक आनंद सिंधु, आरक्षक अंकित हरदहा, आरक्षक अंकित तिवारी, आरक्षक रणवीर और आरक्षक दशरथ मालवीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गोपालगंज पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, न्यायालयीन वारंटों की तामील और जिले में अपराध नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
भारत न्यूज़ 24 Live.com | हम केवल सच्चाई ही दिखाते हैं।







