दीपावली से पहले सागर पुलिस की कार्रवाई, आवासीय मकान से ₹9 लाख के अवैध पटाखे जब्त

SHARE:

मोतीनगर पुलिस ने 29 कार्टून पटाखे किए जब्त, घनी आबादी में विद्युत ट्रांसफार्मर के पास किया जा रहा था भंडारण

सागर, 24 अक्टूबर 2026। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और विक्रय के विरुद्ध सागर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना मोतीनगर पुलिस ने लगातार दूसरे दिन कार्रवाई करते हुए धर्माश्री के पास स्थित एक आवासीय मकान से करीब 9 लाख रुपये कीमत के 29 कार्टून विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, मकान में बिना लाइसेंस दीपावली पर बिक्री के उद्देश्य से पटाखे रखे गए थे।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 24 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धर्माश्री के पास एक आवासीय कॉलोनी में रोशन केशरवानी ने अपने मकान में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर रखे हैं।

सूचना के आधार पर मोतीनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई के दौरान रोशन पिता स्वर्गीय सूरज वली केशरवानी, निवासी कटरा भीतर बाजार, थाना कोतवाली और वर्तमान निवासी धर्माश्री के पास, के कब्जे से 29 कार्टून पटाखे बरामद किए गए। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।

घनी आबादी में भंडारण से हादसे की आशंका

पुलिस के अनुसार, संबंधित मकान में परिवार भी निवास करता है। आसपास घनी आबादी होने के साथ ही मकान के पास विद्युत ट्रांसफार्मर भी स्थित है। ऐसे स्थान पर बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण आग अथवा विस्फोट जैसी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता था।

पुलिस ने पटाखे जब्त कर संबंधित मामले में अपराध पंजीबद्ध किया है। प्रकरण में पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

लगातार दूसरे दिन मोतीनगर पुलिस की कार्रवाई

थाना प्रभारी जसवंत राजपूत के नेतृत्व में मोतीनगर पुलिस अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर नजर रख रही है। पुलिस का कहना है कि दीपावली के दौरान आम नागरिकों, बच्चों और परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध पटाखों के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

सागर पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध पटाखों के विरुद्ध अब तक 15 से अधिक कार्रवाइयां की जा चुकी हैं। बिना वैध अनुमति पटाखों का भंडारण और विक्रय करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध पटाखों के भंडारण, विक्रय अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 7701055235 जारी किया गया है।

पुलिस ने लोगों से दीपावली का पर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने तथा ऐसे स्थानों पर पटाखे जमा नहीं करने की अपील की है, जहां आग या विस्फोट से जनहानि का खतरा हो सकता है।

लोकेशन – सागर
सागर पुलिस — त्योहारों पर सुरक्षा, अवैध कारोबार पर सख्ती।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें