बंडा में अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस की कार्रवाई, करीब 300 किलो पटाखे जब्त

SHARE:

ग्रीन लैंड कॉलोनी, जमुनिया से बरामद हुए 19 कार्टून पटाखे; आरोपी अनुराग जैन के कब्जे से जब्ती

सागर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए सागर जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बंडा पुलिस ने ग्रीन लैंड कॉलोनी, जमुनिया में कार्रवाई करते हुए 19 कार्टून अवैध पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित मात्रा करीब 300 किलोग्राम और कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई आरोपी अनुराग जैन निवासी बंडा के कब्जे से पटाखे बरामद होने पर की गई। अवैध पटाखों के भंडारण से आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

सागर पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध पटाखों एवं विस्फोटक सामग्री के अवैध भंडारण, क्रय-विक्रय और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बंडा रोहित लखेरा एवं थाना प्रभारी बंडा आनंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

अवैध कारोबार करने वालों पर कार्रवाई जारी

पुलिस द्वारा त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध पटाखों के भंडारण और कारोबार पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर पटाखों का भंडारण, निर्माण या बिक्री करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

सागर पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं अवैध पटाखों के भंडारण, निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना पुलिस को दें। जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

सागर पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें