घरेलू विवाद में डंडे और मुंगरिया से किया था हमला, वारदात छिपाने के लिए खुद ही पुलिस में दर्ज कराई थी रिपोर्ट; सूक्ष्म जांच में खुला हत्या का राज
सागर/बीना। सागर जिले की बीना पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए बड़े भाई की हत्या के आरोप में उसके सगे छोटे भाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद के चलते आरोपी ने अपने बड़े भाई के साथ डंडे और मुंगरिया से मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने खुद ही पुलिस थाने पहुंचकर भाई की मौत की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि, पुलिस की सूक्ष्म जांच, घटनास्थल के निरीक्षण और साक्ष्यों के विश्लेषण से मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बीना के मार्गदर्शन में थाना बीना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
सड़क पर घायल अवस्था में मिला था मृतक
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को आंचवल वार्ड निवासी पंकज अहिरवार ने थाना बीना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका बड़ा भाई नीरज अहिरवार (42) 23 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे अंडे का ठेला बंद करके घर आया था। कुछ देर बाद वह घर से बाहर चला गया।
रात करीब 2:30 बजे मां ने पंकज को जगाकर नीरज के घर नहीं लौटने की जानकारी दी। तलाश के दौरान नीरज श्री हरि मेडिकल के नीचे सड़क पर बैठा मिला। उसके शरीर पर कई जगह चोटें थीं और खून निकल रहा था। नीरज को घर लाया गया, जहां खाना खाने के बाद वह लेट गया। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे जगाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं।
इसके बाद पंकज ने पुलिस को सूचना दी और चोटों के कारणों की जानकारी नहीं होने की बात कही। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
घटनास्थल के निरीक्षण और साक्ष्यों से खुला राज
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। डॉग स्क्वाड की मदद ली गई तथा एफएसएल सागर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की गई। घटनास्थल से महत्वपूर्ण वस्तुएं जब्त कर संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए और उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने फरियादी पंकज अहिरवार से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने बड़े भाई नीरज अहिरवार के साथ घरेलू विवाद होने की बात स्वीकार की।
शराब पीने और पैसे नहीं देने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, नीरज के शराब पीने की आदत और घर पर पैसे नहीं देने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान पंकज ने डंडे और मुंगरिया से नीरज के साथ मारपीट की। चोटों के कारण नीरज की मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने वारदात छिपाने के लिए घटना की वास्तविकता उजागर नहीं की और खुद ही चोटों के कारणों से अनजान होने की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। हालांकि, जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली।
पुलिस ने आरोपी पंकज अहिरवार के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
आरोपी और मृतक का विवरण
गिरफ्तार आरोपी: पंकज अहिरवार, पिता स्वर्गीय शम्भूदयाल अहिरवार, उम्र 30 वर्ष, निवासी आंचवल वार्ड, थाना बीना, जिला सागर।
मृतक: नीरज अहिरवार, पिता स्वर्गीय शम्भूदयाल अहिरवार, उम्र 42 वर्ष, निवासी आंचवल वार्ड, बीना, जिला सागर।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस अंधे कत्ल का खुलासा करने में निरीक्षक अनूप यादव, उप निरीक्षक लखनराज, प्रधान आरक्षक हाकिम सिंह, गजेन्द्र मिश्रा एवं विजय गौतम सहित आरक्षक प्रेमजीत सिंह, बाबूलाल, दीप सिंह भदौरिया, सूरज शर्मा, महेन्द्र, महेश नामदेव, विवेक पटेल, राहुल सोलंकी, ब्रजेन्द्र सिंह एवं भारत राजे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस का कहना है कि अपराधों की गंभीरता से जांच कर साक्ष्यों के आधार पर सच्चाई सामने लाना और आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है।







