केंद्रीय जेल सागर का निरीक्षण: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बंदियों से किया संवाद, निःशुल्क विधिक सहायता पर दिया जोर

SHARE:

आर्थिक अभाव के कारण कोई भी बंदी न्याय से वंचित न रहे: एम.के. शर्मा

सागर। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एम.के. शर्मा ने 26 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय जेल सागर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला बंदियों से उनके प्रकरणों में अपील और जमानत आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सबसे पहले जेल के महिला वार्ड का भ्रमण किया और महिला बंदियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनके मामलों में कानूनी पैरवी, अपील और जमानत से संबंधित स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र बंदियों को विधिक सहायता का लाभ दिलाया जाए, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय पाने से वंचित न रहे।

बंदियों को विधिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक

इसके बाद जेल के उद्योग परिसर में उपस्थित बंदियों को संबोधित करते हुए एम.के. शर्मा ने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी व्यक्ति के लिए न्याय प्राप्त करने में बाधा नहीं बनना चाहिए। पात्र बंदी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बंदियों को समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही जेल में बंदियों को उचित उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

जरूरतमंद बंदियों को कानूनी पैरवी में सहयोग का आश्वासन

कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ, सागर के अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों को उनके प्रकरणों में पैरवी, अपील और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के लिए निःशुल्क अथवा न्यूनतम शुल्क पर अधिवक्ता उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य बंदियों को अपने कानूनी अधिकारों का प्रभावी ढंग से उपयोग करने में सहायता प्रदान करना है।

भोजन व्यवस्था का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल की पाकशाला का निरीक्षण कर भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद बंदी वार्ड का भ्रमण कर बंदियों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं सचिव, जिला विधिक सेवा अधिकारी, जेल अधीक्षक रमेशचंद्र आर्य सहित जेल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

लोकेशन: सागर, मध्यप्रदेश
भारत न्यूज़ 24 live.com

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें