बीट प्रणाली मजबूत करने, लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण और पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त वातावरण देने पर दिया जोर
सागर। पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जनोन्मुखी और परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के साथ सागर जिले के चार थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने थाना मकरोनिया, कैंट, बहेरिया और सानोधा की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधा संवाद किया।
भ्रमण के दौरान आईजी ने थाना प्रभारियों सहित उपस्थित पुलिसकर्मियों से उनके शासकीय कार्यों, कार्य परिस्थितियों और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना और उनके व्यक्तिगत एवं कार्य संबंधी अनुभवों को भी सुना। साथ ही, सभी को ईमानदारी, निष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ तनावमुक्त रहकर कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिसिंग की बुनियादी इकाई बीट प्रणाली को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बीट में तैनात पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील स्थानों, अपराधियों, असामाजिक तत्वों और स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी रखें।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी आम नागरिकों के साथ निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखें, ताकि छोटी-छोटी समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके। नियमित क्षेत्र भ्रमण, सूचनाओं का प्रभावी संकलन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय से अपराधों की रोकथाम के साथ जनता का पुलिस पर विश्वास भी मजबूत होगा।
लंबित अपराधों के निराकरण में तेजी लाने पर जोर
आईजी ने लंबित अपराधों की नियमित समीक्षा कर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। विवेचकों से कहा गया कि प्रत्येक प्रकरण में प्रभावी जांच, साक्ष्यों का संकलन और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जाए। अनावश्यक देरी से बचते हुए विवेचना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाए।
इसके साथ ही अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पुलिसकर्मियों का मनोबल और कल्याण भी महत्वपूर्ण
पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली ने कहा कि पुलिस सेवा में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, धैर्य और जनसेवा की भावना बेहद महत्वपूर्ण है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी संयम बनाए रखते हुए टीम भावना के साथ काम करना चाहिए।
उन्होंने तनावमुक्त और सकारात्मक कार्य वातावरण को बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक बताया। इससे पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ आम नागरिकों को भी बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
थाना सानोधा के भ्रमण के दौरान एसडीओपी रहली पूजा शर्मा भी उपस्थित रहीं।
पुलिस महानिरीक्षक का यह भ्रमण मैदानी पुलिसिंग को मजबूत बनाने, पुलिसकर्मियों की समस्याएं समझने, कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
लोकेशन – सागर
भारत न्यूज़ 24 live.com







