सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बहेरिया स्थित इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज (IGEC) के हॉस्टल से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर में पढ़ने वाले छात्र विक्रमादित्य सिंह बघेल की मौत हो गई। छात्र का शव हॉस्टल के स्टोर रूम में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज और हॉस्टल परिसर में हड़कंप मच गया।
मृतक छात्र विक्रमादित्य सिंह बघेल मूल रूप से रीवा का निवासी था और इंजीनियरिंग की अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह गेट (GATE) परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ था। साथी छात्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से वह काफी गुमसुम रहने लगा था और अपने करियर एवं भविष्य को लेकर तनाव में था।
रूममेट ने बताई छात्र की स्थिति
छात्र के रूममेट आकाश खरोले के अनुसार, विक्रमादित्य पिछले कुछ दिनों से काफी शांत और गुमसुम रहता था। वह कमरे में भी कम समय बिताता था और अपने करियर को लेकर काफी तनाव में था। आकाश ने बताया कि विक्रमादित्य पढ़ाई में बेहद अच्छा था और गेट परीक्षा की तैयारी के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। एक होनहार छात्र की असमय मौत से कॉलेज के विद्यार्थियों और शिक्षकों में शोक का माहौल है।
Byte: रूमपार्टनर







