दोपहर 12:30 बजे तक बंद मिला मार्कफेड खाद गोदाम, मौके पर ही शुरू कराया गया ई-टोकन से खाद वितरण
सागर। किसानों को खाद वितरण में लापरवाही और निर्धारित समय पर गोदाम नहीं खोलने के मामले में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सख्त कार्रवाई की है। खुरई रोड स्थित नई गल्ला मंडी के मार्कफेड खाद गोदाम के औचक निरीक्षण के दौरान गोदाम बंद मिलने और प्रभारी के अनुपस्थित पाए जाने पर गोदाम प्रभारी राजाराम सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने मार्कफेड खाद गोदाम का औचक निरीक्षण किया। दोपहर 12:30 बजे जब निरीक्षण दल मौके पर पहुंचा तो गोदाम बंद मिला। खाद वितरण शुरू नहीं होने के कारण दूर-दराज से आए किसान परेशान हो रहे थे।
स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल गोदाम खुलवाया और ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से मौके पर मौजूद किसानों को खाद वितरण शुरू कराया। निरीक्षण के दौरान पूरी घटना का पंचनामा भी तैयार किया गया।
निर्धारित समय पर नहीं खुला गोदाम
शासकीय निर्देशों के अनुसार खाद गोदाम का संचालन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किया जाना निर्धारित है। इसके बावजूद गोदाम बंद पाया गया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ क्षेत्र सहायक एवं गोदाम प्रभारी राजाराम सोनी भी अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित मिले।
कलेक्टर ने किया निलंबित
किसानों को हुई परेशानी और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के आदेश पर राजाराम सोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
खाद वितरण केंद्रों को सख्त निर्देश
प्रशासन ने जिले के सभी खाद वितरण केंद्रों को निर्धारित समय पर खोलने और ई-टोकन व्यवस्था के माध्यम से पारदर्शी तरीके से खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया है कि किसानों को खाद प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
औचक निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी अनिल राय एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कुलदीप क्रिश्चियन उपस्थित रहे।
भारत न्यूज़ 24 live.com | सागर







