अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग, जहरीली शराब से मौत की पुष्टि नहीं; पुलिस ने जांच और कार्रवाई का दिया आश्वासन
सागर/देवरी। सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुर में 33 वर्षीय युवक अंकुश लोधी की शराब सेवन के दौरान हुई मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने जैतपुर एवं डोमा गांव के लोगों के साथ गौरझामर-केसली मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री तत्काल बंद कराने और इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने युवक की मौत जहरीली शराब के सेवन से होने की आशंका जताई। हालांकि, अभी तक जहरीली शराब से मौत होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बाहर से अवैध शराब लाकर बेची जा रही है, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
पहले हुई मौतों की जांच की भी उठी मांग
ग्रामीणों ने दो-तीन महीने पहले शराब सेवन के बाद हुई मौतों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पूर्व की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए सवाल उठाए कि कुछ मामलों में पोस्टमार्टम क्यों नहीं कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में भी ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।
एसडीओपी ने दिया जांच और कार्रवाई का भरोसा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी अरुण उइके ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने उचित जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि जहरीली शराब से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पूर्व में हुई मौतों और ग्रामीणों की अन्य शिकायतों की भी जांच कराई जाएगी।
वहीं गौरझामर थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। आगे भी अभियान जारी रहेगा और अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अवैध शराब के नेटवर्क पर कार्रवाई कब?
जैतपुर की घटना के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार किसके संरक्षण में चल रहा है? बाहर से शराब लाकर बेचने वालों तक पुलिस कब पहुंचेगी? युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा, पूर्व में हुई मौतों की निष्पक्ष जांच और अवैध शराब के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई अब पुलिस प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।
भारत न्यूज़ 24 live.com







