सद्भावना शाखा, शुभकामना परिवार एवं पार्श्वनाथ पाठशाला ने संयुक्त रूप से किया आयोजन, 48 दीपों से भक्तामर पाठ और महाआरती संपन्न
सागर। वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर स्वामी के 2553वें निर्वाणोत्सव के पावन अवसर पर श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर बाघराज में अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन महिला परिषद की सद्भावना शाखा, शुभकामना परिवार सद्भावना शाखा एवं श्री सद्भावना पार्श्वनाथ पाठशाला बाघराज के संयुक्त तत्वावधान में भक्ति और श्रद्धा के साथ 53 लाडू समर्पित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान का अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ हुआ। इसके पश्चात संगीतमय पूजन और निर्वाण कांड के वाचन के साथ भगवान महावीर स्वामी को लाडू समर्पित किए गए। इस अवसर पर आचार्य विराग सागर जी महाराज के आचार्य पदारोहण दिवस एवं आचार्य विभवसागर जी महाराज के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में विशेष पूजन भी किया गया।
प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष सद्भावना शाखा की अध्यक्ष रश्मि-आलोक जैन द्वारा वृहद लाडू का निर्माण किया गया। आयोजन में इंजीनियर दीपक धुड़े, मृदुला, पावनी (पुणे) एवं अवनी जैन (दिल्ली) ने भी अभिषेक एवं शांतिधारा में सहभागिता की। साथ ही नवीन पाठशाला के निर्माण एवं विकास के लिए दान देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर बाघराज की प्रबंधकारिणी समिति, पाठशाला की शिक्षिकाएं, संयोजक, संचालक, पाठशाला के बच्चे तथा सर्व समाज के महिला, पुरुष एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सायंकालीन बेला में 48 दीपों के साथ भक्तामर पाठ एवं भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। पूरा मंदिर परिसर भगवान महावीर के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। आयोजन में श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ अर्जित कर भगवान महावीर के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।







