1257 बंदियों से मिलने पहुंचे 3243 महिला परिजन और बच्चे, भावुक माहौल में मनाया गया भाई दूज का पर्व
सागर, 11 नवंबर 2026।
भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और पारिवारिक रिश्तों की मिठास का पर्व भाई दूज केंद्रीय जेल सागर में भी भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। दीपावली भाई दूज के अवसर पर जेल प्रशासन द्वारा विशेष खुली मुलाकात का आयोजन किया गया, जिसमें बहनों ने जेल में निरुद्ध अपने बंदी भाइयों को तिलक लगाकर उनके सुखद भविष्य और खुशहाली की कामना की। इस दौरान माताएं और छह वर्ष तक के बच्चे भी अपने परिजनों से मिलने जेल परिसर पहुंचे।
जेल प्रशासन ने बंदियों को अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने और पारिवारिक रिश्तों की आत्मीयता महसूस कराने के उद्देश्य से विशेष व्यवस्था की थी। मुलाकात के लिए सुबह 8 बजे से पंजीयन एवं नाम दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई, जो शाम 5:30 बजे तक जारी रही।
इस विशेष आयोजन में लगभग 1257 बंदियों से मुलाकात करने के लिए 3243 महिला परिजन एवं बच्चे केंद्रीय जेल पहुंचे। प्रत्येक बंदी और उसके परिजनों के बीच मुलाकात के लिए 20 मिनट का समय निर्धारित किया गया था। इस दौरान बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और दीपावली एवं भाई दूज की शुभकामनाएं दीं।
सुरक्षा के साथ सुविधाओं का भी रखा गया ध्यान
महिला परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जेल के बाहर मोबाइल फोन जमा करने की व्यवस्था की गई थी। वहीं बंदियों के लिए फल, मिठाई, नारियल और तिलक की रोली आदि सामग्री जेल की कैंटीन के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। सुरक्षा कारणों से बाहर से किसी भी प्रकार की सामग्री जेल के अंदर ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रखा गया था।
शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ आयोजन
बड़ी संख्या में महिला परिजनों और बच्चों की मौजूदगी के बावजूद जेल प्रशासन एवं सुरक्षा में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वय से पूरी व्यवस्था सुचारू बनी रही। विशेष खुली मुलाकात का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
भाई दूज के इस आयोजन ने जेल की चारदीवारी के बीच भी भाई-बहन के प्रेम, पारिवारिक अपनत्व और भावनात्मक रिश्तों की अहमियत को जीवंत कर दिया।







