कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अखाड़ा एवं धमाल पार्टियों को 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा की, विधायक शैलेंद्र जैन ने भी किया आर्थिक सहयोग का ऐलान
सागर। बुंदेलखंड की ऐतिहासिक शौर्य, परंपरा और लोकसंस्कृति का प्रतीक अखाड़ा एवं धमाल संस्कृति एक बार फिर सागर में जीवंत होती नजर आई। विजयादशमी दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में शिवसेना सागर के तत्वावधान में आयोजित दशहरा पुरस्कार वितरण समारोह में शहर की नवदुर्गा झांकियों, अखाड़ों और धमाल पार्टियों के कलाकारों का भव्य सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सभी अखाड़ा एवं धमाल पार्टियों को 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा कर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। वहीं नगर विधायक शैलेंद्र जैन ने अखाड़ा कमेटियों को 2-2 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की।
समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि अखाड़ा केवल खेल नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के शौर्य, अनुशासन और संस्कारों की पहचान है। इस परंपरा को संरक्षित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अखाड़ा और धमाल पार्टियों को आर्थिक सहयोग देने की घोषणा की, जिसका उपस्थित लोगों ने तालियों और जयकारों के साथ स्वागत किया।
नगर विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि सागर की अखाड़ा संस्कृति पीढ़ियों से चली आ रही है और इसे किसी भी स्थिति में समाप्त नहीं होने दिया जाएगा। शासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से इस परंपरा को और भव्य बनाया जाएगा। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पप्पू तिवारी पिछले 27 वर्षों से इस परंपरा को जीवित रखने के लिए सराहनीय प्रयास कर रहे हैं। इस तरह का अनूठा आयोजन अन्यत्र देखने को नहीं मिलता।
राष्ट्रीय संत पंडित विपिन बिहारी महाराज ने कहा कि विलुप्त होती संस्कृतियों को मंच देना ही सच्ची धर्म सेवा है। अखाड़ा, धमाल और झांकियां हमारी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ती हैं। इन्हें संरक्षित नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियां अपनी विरासत से दूर हो जाएंगी।
डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नागेश दुबे ने कहा कि अखाड़ा शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता और चरित्र निर्माण का केंद्र है। वहीं स्वामी विवेकानंद कॉलेज के कुलपति अजय तिवारी ने बुंदेली संस्कृति की परंपराओं को विश्वविद्यालयों और युवाओं तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
अखाड़ों को राजकीय खेल का दर्जा देने की मांग
कार्यक्रम के आयोजक एवं शिवसेना उपराज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि अखाड़ा बुंदेलखंड की आत्मा है। इसे केवल प्रदर्शन तक सीमित नहीं रखा जा सकता। अखाड़ों में बेटियां आत्मरक्षा के गुर सीखती हैं, वहीं युवा अनुशासन, साहस और शौर्य की शिक्षा प्राप्त करते हैं। शासन से पर्याप्त प्रोत्साहन नहीं मिलने के कारण यह परंपरा धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही है।
उन्होंने मांग की कि शस्त्र कला एवं व्यायामशाला वाले अखाड़ों को राजकीय खेल का दर्जा दिया जाए, जिससे उन्हें सरकारी स्तर पर सम्मान और प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने कहा कि शिवसेना का संकल्प है कि सागर की विलुप्त होती सांस्कृतिक परंपराओं को मंच प्रदान किया जाएगा। अखाड़ा, धमाल और झांकियां हमारी पहचान हैं और इनके जीवंत रहने से ही बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहेगी।
मलखंब खिलाड़ियों को मिला नकद प्रोत्साहन
समारोह में मलखंब खिलाड़ियों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रदर्शन से प्रभावित होकर संभागीय उपायुक्त चंद्रशेखर शुक्ला ने तत्काल 5 हजार रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि खिलाड़ियों को भेंट की। ऐश्वर्या पाठक, कविता लारिया और इंजीनियर ललित वर्मा ने भी खिलाड़ियों को आर्थिक प्रोत्साहन दिया। आरएसएस के डॉ. जी. चौबे ने कहा कि ऐसे आयोजनों को देखकर लगता है कि बुंदेलखंड में भारतीय संस्कृति आज भी जीवित है।
शस्त्र कला और बुंदेली लोक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह का मुख्य आकर्षण अखाड़ा कमेटियों का हैरतअंगेज प्रदर्शन रहा। लाठी, तलवारबाजी, शस्त्र कला और विभिन्न शारीरिक करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। धमाल पार्टियों की जोशीली धुनों और बैंड की गूंज से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। खेल विभाग की ओर से मलखंब की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। कलाकारों के संतुलन और साहसिक करतबों ने सभी को प्रभावित किया।
शहनाई वादन की मधुर स्वर लहरियों ने कार्यक्रम में भक्ति और शालीनता का रंग भरा, वहीं रमतुला की पारंपरिक प्रस्तुति ने बुंदेली लोकसंस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
चिकित्सकों और समाजसेवियों का सम्मान
समारोह में नवदुर्गा झांकियों, अखाड़ा एवं धमाल पार्टियों सहित विभिन्न कलाकार दलों को सम्मानित किया गया। चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. जी.एस. चौबे, डॉ. सुरेश चंद्र रावत, डॉ. रमेश पांडे, डॉ. दीपांशु दुबे, डॉ. उमेश पटेल, डॉ. मनीष झा और डॉ. अमर गंगवानी का सम्मान किया गया।
समाजसेवा के क्षेत्र में नेवी जैन, एडवोकेट दीपा तिवारी, डॉ. संगीता संजय सिंह, कविता लारिया, डॉ. अजय तिवारी, पंडित प्रमोद उपाध्याय, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अंकलेश्वर दुबे, अजय श्रीवास्तव, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अजय दुबे, अपर आयुक्त चंद्रशेखर शुक्ला, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, युवा ब्राह्मण समाज अध्यक्ष भरत तिवारी, वरिष्ठ समाजसेवी पंकज मुखारिया, कांग्रेस नेता राजकुमार पचौरी, राहुल चौबे, आशीष दुबे, निर्मल भोले, राजेश मनवानी, एडवोकेट दीपक पौराणिक, पंडित नवीन बिहारी महाराज और शिव शंकर मिश्रा को शाल, श्रीफल एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सिंहस्थ लकी सराफ ने किया। आभार दीपक लोधी, विकास यादव और हेमराज आलू ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिव शंकर दुबे, विवेक पटेल, रवि बमनिया, अजीत जैन, अभिषेक असाटी, सचिन जैन, सुमित भार्गव, अनूप पटेरिया, पप्पू विश्वकर्मा, आशुतोष तिवारी, आकाश अग्रवाल, शशांक राव, सोमू शुक्ला, गजेंद्र तिवारी, अनुज तिवारी, धर्मेंद्र यादव, शाहिद पहलवान, धन्ना कोरी, चिराग सबलोक, अश्वनी जोवे, शिवानी तिवारी, चंपक भाई और अमन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








