वृंदावन से पधारे विवेक आचार्य के श्रीमुख से हो रहा कथा वाचन, महिलाओं के विशेष आग्रह पर कार्तिक मास में आयोजित हो रही भागवत कथा
सागर। शहर के कबूला पुल स्थित देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में सोमवार को महापौर संगीता सुशील तिवारी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुशील तिवारी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान कथा व्यास विवेक आचार्य एवं पूज्य मौनी महाराज का पुष्पमाला, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इसके बाद महापौर सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धापूर्वक श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया।
कार्तिक मास के पावन अवसर पर महिलाओं के विशेष आग्रह एवं धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पूज्य मौनी महाराज के सानिध्य में इस धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। कथा वाचन के लिए वृंदावन से पधारे श्री राजेंद्र दास जी के परम शिष्य विवेक आचार्य भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों और आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश दे रहे हैं।
इस अवसर पर महापौर संगीता सुशील तिवारी ने धार्मिक आयोजनों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनसे समाज में भक्ति, आपसी सद्भाव और सकारात्मकता का वातावरण निर्मित होता है।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य शैलेंद्र सिंह ठाकुर, गोपालगंज विकास मंच के रमाकांत मिश्रा, वृंदावन बाग मंदिर के पंडित चंद्रभूषण शास्त्री, भूतेश्वर मंदिर के पंडित चतुर्भुज पांडे, मन्नू त्रिपाठी, गब्बर राय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कथा स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भागवत के प्रसंगों का श्रवण कर श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्मलाभ अर्जित किया।







