एक सप्ताह तक चलेगा प्रशिक्षण अभियान, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, आपदा नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को किया जा रहा दक्ष
सागर। सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मध्यप्रदेश पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सागर पुलिस लाइन में सिंहस्थ ड्यूटी के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण अभियान के 16वें बैच का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने किया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विशाल धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा।
सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक समागम में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के सामने बड़ी चुनौती होती है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों को व्यावहारिक, शारीरिक और तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के उद्देश्य से यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण का संचालन रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी के नेतृत्व में किया जा रहा है। इसमें उप निरीक्षक चंद्रेश बघेल, सहायक उप निरीक्षक लोक विजय सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक शुक्ला और एसडीआरएफ के अधिकारियों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार अनुभवी अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों को भी प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित किया जाता है।
भीड़ प्रबंधन और आपदा से निपटने का दिया जा रहा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव एवं राहत कार्य, आपसी समन्वय, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा और अनुशासित ड्यूटी के गुर सिखाए जा रहे हैं। इसके साथ ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संयम और सूझबूझ के साथ निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण की खास बात यह है कि पुलिसकर्मियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी जा रही, बल्कि वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जा रहा है। एसडीआरएफ के विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू ऑपरेशन से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि आपात स्थिति में पुलिस बल तत्काल प्रभावी कार्रवाई कर सके।
16वें बैच के साथ प्रशिक्षण अभियान लगातार जारी
सिंहस्थ-2028 की व्यापकता और संवेदनशीलता को देखते हुए सागर पुलिस द्वारा चरणबद्ध तरीके से पुलिस बल को प्रशिक्षित किया जा रहा है। 16वें बैच का शुभारंभ इसी विशेष प्रशिक्षण श्रृंखला की महत्वपूर्ण कड़ी है।
सागर पुलिस का उद्देश्य एक ऐसा प्रशिक्षित, अनुशासित और संवेदनशील पुलिस बल तैयार करना है, जो सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के साथ हर आपात परिस्थिति में तत्परता से अपनी जिम्मेदारी निभा सके।
सागर पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।







