नई गैस टंकी में रिसाव से लगी आग, युवक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

नई गैस टंकी में रिसाव से लगी आग, युवक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा,राजीव नगर वार्ड की घटना, हजारों का सामान जला; परिवार ने एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाया

सागर। राजीव नगर वार्ड में बुधवार शाम नई गैस टंकी से अचानक हुए गैस रिसाव के कारण आग लगने से हड़कंप मच गया। समय रहते एक युवक की बहादुरी और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। घटना मोती नगर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार राजीव नगर निवासी दीपक रजक ने बुधवार शाम करीब 5:30 बजे स्मृति गैस एजेंसी से इंडेन गैस की नई टंकी मंगाई थी। रात लगभग 7 बजे परिजन जब खाना बनाने के लिए टंकी को किचन में रखकर ढक्कन खोल रहे थे, तभी अचानक तेज गैस का रिसाव शुरू हो गया और चिंगारी लगते ही आग भड़क उठी। घर में उस समय दो छोटे बच्चे और महिलाएं मौजूद थीं, जो घबराकर तुरंत बाहर निकल आए।

आग तेजी से फैलने लगी और किचन से सटे कमरों तक पहुंच गई। इसी दौरान मोहल्ले के भूरे साहू देवदूत बनकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए जलती हुई टंकी को पहले किचन से बाहर कमरे में और फिर घर के बाहर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। यदि टंकी अंदर ही फट जाती तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था और आसपास के मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

आग से घर की अलमारी, कपड़े, पर्दे और गृहस्थी का अन्य सामान जलकर राख हो गया। परिवार के अनुसार करीब 80 हजार रुपये नकद सहित काफी सामग्री जल गई है। घटना के बाद परिजन थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने गैस एजेंसी पर टंकी की जांच किए बिना सप्लाई करने का आरोप लगाते हुए नुकसान की भरपाई और आर्थिक सहायता की मांग की है।

मोहल्ले के लोगों ने भूरे साहू की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Comment

Read More