
महार रेजिमेंट सेंटर के अधिकारियों ने कैंट पुलिस को किया सम्मानित
सागर। दिनांक 12 जून 2026 को फरियादी रोहित यादव निवासी 15 मोहाल, सागर द्वारा थाना कैंट में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनका 11 वर्षीय पुत्र चेतन बिना बताए घर से कहीं चला गया है। फरियादी भारतीय सेना के महार रेजिमेंट सेंटर (एमआरसी) में पदस्थ हैं।
रिपोर्ट प्राप्त होते ही थाना कैंट पुलिस द्वारा गुमशुदा बालक की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख स्थानों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं संभावित ठिकानों पर सघन खोजबीन की। जांच के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि गुमशुदा बालक को अंतिम बार प्रयागराज जाने वाली ट्रेन में चढ़ते हुए देखा गया था।
थाना कैंट पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा अन्य स्रोतों की सहायता से त्वरित कार्रवाई करते हुए बालक का पता लगाया और उसे प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द किया।
कैंट पुलिस की तत्परता, समर्पण एवं सराहनीय कार्य के लिए महार रेजिमेंट सेंटर, सागर के अधिकारी ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह एवं मेजर अजीत द्वारा थाना कैंट सागर पुलिस को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने पुलिस टीम की सक्रियता एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा के लिए प्रेरित किया।











