
भाजपा की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं : विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन
यमुना ताई मंडल की मासिक बैठक सम्पन्न, बूथ सशक्तिकरण एवं संगठन विस्तार पर हुई विस्तृत चर्चा
सागर। भारतीय जनता पार्टी सागर विधानसभा के यमुना ताई मंडल की मासिक बैठक जवाहरगंज वार्ड स्थित श्रीराम अखाड़ा परिसर में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन उपस्थित रहे। उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित एवं देवतुल्य कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के कारण ही भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर का कार्य है और प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह अपने बूथ को सक्रिय, सशक्त एवं संगठित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर जितना अधिक संगठन मजबूत होगा, उतना ही पार्टी का जनाधार और प्रभाव बढ़ेगा। कार्यकर्ताओं को नियमित जनसंपर्क, संवाद एवं संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आमजन से जुड़े रहना चाहिए तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचानी चाहिए।
विधायक जैन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और समन्वय पर निर्भर करती है।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण अभियान, सदस्यता विस्तार, जनसंपर्क गतिविधियों एवं विभिन्न संगठनात्मक योजनाओं की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष मेघा दुबे, जिला उपाध्यक्ष यश अग्रवाल, पार्षद शैलेष केसरवानी, राजेश केसरवानी, डब्बू साहू, जिनेश साहू, नरेश यादव, संध्या भार्गव, वैदेही पुरोहित, गौरी सोनी, सुमन साहू, सविता साहू, श्रीकांत जैन, विकास केसरवानी, विशाल खटीक, नमन समैया, जय सोनी सहित मंडल के पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











