
मंदिर चोरी का खुलासा, ₹80 हजार का धार्मिक सामान बरामद
सागर, 17 जून 2026। थाना मोतीनगर पुलिस ने मंदिरों में हुई दो चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लगभग ₹80 हजार मूल्य का चोरी गया धार्मिक सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप तथा थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच की।
दो मंदिरों में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, थाना मोतीनगर क्षेत्र स्थित मंगलगिरी जैन तीर्थ स्थल के चंद्रप्रभु मंदिर से अज्ञात चोर 23 पीतल के छत्र चोरी कर ले गया था, जिनकी कीमत करीब ₹60 हजार आंकी गई थी।
इसके अलावा माता खेरापति कोरी समाज मंदिर, काकागंज से लड्डू गोपाल की मूर्ति, पीतल के बर्तन, चांदी के धागे में बंधा झूमर और पीतल की घंटी सहित लगभग ₹20 हजार मूल्य का धार्मिक सामान चोरी हुआ था।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिला सुराग
दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर पुलिस ने विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने ऋषि सेन (45 वर्ष), निवासी पंथनगर वार्ड, सागर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरी की घटनाएं स्वीकार कर लीं। उसकी निशानदेही पर चोरी गया धार्मिक सामान बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश करने के उपरांत आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बरामद सामान
23 पीतल के छत्र
लड्डू गोपाल की मूर्ति
पीतल के पूजन बर्तन
चांदी के धागे में बंधा झूमर
पीतल की घंटी
कुल बरामदगी : लगभग ₹80,000
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक भगवानदास, कुरैश बरार, दिनेश यादव, सुनील चौबे तथा आरक्षक चंदन और अनुराग की विशेष भूमिका रही।
सागर पुलिस ने कहा है कि धार्मिक स्थलों सहित सार्वजनिक एवं निजी संपत्तियों की सुरक्षा तथा संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।











