12 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, बहरोल पुलिस की प्रभावी कार्रवाई

12 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी गिरफ्तार, बहरोल पुलिस की प्रभावी कार्रवाई
सागर। पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयबीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले में फरार अपराधियों एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बहरोल पुलिस ने लगभग 12 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी गिरफ्तारी वारंटी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
प्रकरण का विवरण
थाना बहरोल में वर्ष 2014 में अपराध क्रमांक 10/2014 अंतर्गत धारा 365, 34 भारतीय दंड संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। उक्त प्रकरण का आरोपी लंबे समय से फरार था तथा उसके विरुद्ध माननीय न्यायालय से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिसकी पुलिस द्वारा निरंतर तलाश की जा रही थी।
पुलिस कार्रवाई
तलाश के दौरान थाना बहरोल पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि फरार वारंटी ग्राम बिदवासन, थाना बांदरी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संभावित स्थान पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी मनोहरलाल उर्फ मनोज पिता धनसिंह अहिरवार, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बिदवासन थाना बांदरी, हाल निवासी कोठिया थाना बहरोल, जिला सागर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय बण्डा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर उसे उप जेल बण्डा भेज दिया गया।
यह कार्रवाई थाना बहरोल पुलिस की सतर्कता, प्रभावी सूचना तंत्र एवं फरार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता है। सागर पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा फरार अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए सतत कार्य कर रही है।
सराहनीय योगदान
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह लोधी, सहायक उपनिरीक्षक संतोष विनोदिया, प्रधान आरक्षक राजेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रमोद बागरी, आरक्षक अनिल पटैल, आरक्षक विवेक एवं आरक्षक पुष्पेन्द्र जादौन का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Comment

Read More