
SAFE CLICK अभियान 2.0 – दिवस 7
नुक्कड़ नाटक एवं साइबर सुरक्षा रैली के माध्यम से आमजन को किया जागरूक
सागर, दिनांक 30.06.2026
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशन में संचालित SAFE CLICK अभियान 2.0 के अंतर्गत दिवस-7 पर सागर जिले में नुक्कड़ नाटक, साइबर सुरक्षा रैली एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में प्रभावी रूप से संचालित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आमजन को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों से सावधान रहने का संदेश दिया गया। साथ ही साइबर सुरक्षा रैली निकालकर नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रभावशाली नारों—
“सतर्क रहो, सुरक्षित रहो, साइबर अपराध से दूर रहो”,
“लालच में न आना भाई, अपनी कमाई न लुटाना भाई”,
“OTP हो या पासवर्ड, किसी को न बताना भाई”—
के जरिए लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को बताया गया कि किसी भी व्यक्ति के साथ अपना OTP, पासवर्ड, बैंक खाता या कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें, अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, फर्जी KYC, लोन ऐप, निवेश, लॉटरी एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर फ्रॉड से सतर्क रहें तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करें। ऑनलाइन लेन-देन के दौरान QR कोड एवं UPI भुगतान की सावधानीपूर्वक पुष्टि करने, मजबूत पासवर्ड एवं टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का उपयोग करने तथा केवल विश्वसनीय वेबसाइटों एवं ऐप्स का ही उपयोग करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को बताया कि यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का सामना करना पड़े तो बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा साइबर सुरक्षा की शपथ लेकर दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराधियों को किसी भी प्रकार का अवसर न दें। आपकी जागरूकता ही साइबर अपराध के विरुद्ध सबसे प्रभावी सुरक्षा है।











