
जिला बदर आरोपी अवैध शराब बेचते गिरफ्तार, कैंट पुलिस ने किया कार्रवाई
सागर। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिला बदर आरोपियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैंट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जिला बदर आरोपी को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर आरोपी गोसा उर्फ गोरे मोहम्मद (42 वर्ष), निवासी कजलीनगर टपरिया, थाना कैंट अपने क्षेत्र में अवैध रूप से जहरीली महुआ शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित डोंगरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी को 17 फरवरी 2026 को जिला दंडाधिकारी द्वारा एक वर्ष के लिए जिला बदर किया गया था, इसके बावजूद वह आदेश का उल्लंघन कर क्षेत्र में रहकर अवैध गतिविधियों में संलिप्त था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5-5 लीटर क्षमता के प्लास्टिक केनों में भरी लगभग 20 लीटर जहरीली महुआ शराब बरामद की।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 49, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223(बी) तथा मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित डोंगरे, प्रधान आरक्षक नीरज बागर, आरक्षक मनु प्रताप चौधरी, देवेंद्र रावत, विशाल रावत, दिनेश तिवारी, नरेश, वीरेंद्र, शुभम दुबे और नारायण की सराहनीय भूमिका रही।











