
थाना सुरखी, जिला सागर
अवैध जुआ संचालन के मुख्य आरोपी पर सुरखी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय से भेजा गया जेल
सागर। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, रहली के मार्गदर्शन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गठित की गई विशेष टीम एवं थाना सुरखी पुलिस द्वारा दिनांक 25 जून 2026 की रात्रि में आगरा रोड स्थित गौशाला के पीछे, थाना सुरखी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित जुआ पर दबिश दी गई थी। कार्रवाई के दौरान कई जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि अवैध जुआ संचालन का मुख्य आरोपी अंकुष उर्फ प्रताप सिंह चौहान पिता स्वर्गीय दीवान सिंह चौहान, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम बरकोटी, थाना गौरझामर, जिला सागर अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया था।
पुलिस द्वारा आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी जानकारी के आधार पर दिनांक 29 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केन्द्रीय जेल, सागर भेज दिया गया।
विवेचना के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी अंकुष उर्फ प्रताप सिंह चौहान ग्राम बरकोटी में वार्ड बॉय के पद पर कार्यरत है तथा उसकी पत्नी वर्तमान में ग्राम पंचायत बरकोटी कला की निर्वाचित सरपंच हैं। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई आरोपी की आपराधिक गतिविधियों के आधार पर की गई है।
सागर पुलिस द्वारा अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सत्यव्रत धाकड़, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह धुर्वे, आरक्षक विकास एवं आरक्षक कामता की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।











