
भाजपा के समरसता संकल्प अभियान पर पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने साधा निशाना।
अनुसूचित जाति,जनजाति वर्ग के सम्मान और अधिकारों की रक्षा में भाजपा सरकार पूरी तरह विफल….सुरेन्द्र चौधरी
भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के नाम पर चलाए जा रहें समरसता संकल्प अभियान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग की राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के सदस्य एवं पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि भाजपा का यह अभियान सामाजिक समरसता का नहीं,बल्कि आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के बीच संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज और संत- महात्माओं के नाम का राजनीतिक उपयोग करने का अभियान है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भी भाजपा ने गुरु रविदास जी महाराज के मंदिर निर्माण यात्रा का शुभारंभ पर एक मुट्ठी मिट्टी व प्रमुख नदियों का जल लेकर गुरु संत रविदास जी महाराज के नाम पर राजनीतिक प्रचार किया था।पूर्व मंत्री श्री चौधरी ने भाजपा पर निशाना साधते हुये कहा कि भाजपा सरकार पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में अनुसूचित जाति अन्तव्यवसायी वित्त विकास निगम के माध्यम से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज और संत महात्माओं के नाम से जो योजनाएं चालू की गई थी उन्हें चुनाव के बाद बंद कर दिया गया है और आज तीन वर्ष बाद फिर चुनाव नजदीक आते ही भाजपा को संत रविदास जी महाराज और संत महात्माओं की याद आ गई है जिससे भाजपा सरकार का असली चहरा उजागर हुआ हैं। श्री चौधरी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का संदेश सामाजिक समानता,मानवता, आत्मसम्मान और भेदभाव मुक्त समाज की स्थापना का था,किन्तु दुर्भाग्यपूर्ण है कि मध्य प्रदेश में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग पर घटित अन्याय,अत्याचार,उत्पीड़न की घटनाओं में मध्य प्रदेश टॉप पर है इसके साथ ही संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के साथ तोड़फोड़,क्षति पहुंचाने एवं छेड़छाड़ की अनेकों घटनाएं भी प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर सामने आई हैं जिन्हें रोकने के प्रभावी कदम उठाने व दोषियों पर कार्यवाही करने में भाजपा सरकार असफल रही है।उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में संत रविदास जी और संत महात्माओं के विचारों का सम्मान करती है तो सामाजिक न्याय,समान अवसर,अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग की सुरक्षा,शिक्षा,रोजगार तथा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।केवल चुनावों के समय संतों और महापुरुषों के नाम पर अभियान चलाकर राजनीतिक लाभ लेना बन्द करें।पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के विचारों, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर के आदर्शों तथा सामाजिक न्याय,समानता और बंधुत्व के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिये प्रतिबद्ध है और संत महात्माओं और महापुरुषों के नाम का राजनीतिक उपयोग करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भी वचनबद्ध हैं।










