
छात्र हित और शिक्षा के समग्र विकास को लेकर विधायक लारिया की महत्वपूर्ण पहल
(मकरोनिया व कर्रापुर में शीघ्र सांदीपनि विद्यालय प्रारंभ कराने का आग्रह, स्कूल उन्नयन एवं नए भवनों की स्वीकृति का भी रखा प्रस्ताव)
भोपाल/4 अगस्त 2026
नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा के समग्र विकास को नई दिशा देने की पहल करते हुए नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने मंगलवार को भोपाल प्रवास के दौरान प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह से सौजन्य भेंट की।
इस अवसर पर विधायक लारिया ने विधानसभा क्षेत्र के मकरोनिया एवं कर्रापुर में शीघ्र सांदीपनि विद्यालय प्रारंभ कराने का आग्रह करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा की उपलब्धता से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा तथा उन्हें अपने ही क्षेत्र में उत्कृष्ट शिक्षा का अवसर मिलेगा।
भेंट के दौरान विधायक लारिया ने क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के उन्नयन, नवीन विद्यालय भवनों की स्वीकृति, अतिरिक्त कक्षों एवं आवश्यक शैक्षणिक अधोसंरचना के विकास का विषय भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुरूप सुदृढ़ शैक्षणिक सुविधाएँ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार बनेंगी।
स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने विधायक लारिया द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था को अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विधायक लारिया ने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों के साकार होने से नरयावली विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय प्रारंभ होगा तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण को और अधिक गति मिलेगी।











