48 घंटे में सुलझा अंधा कत्ल: सिविल लाइन पुलिस ने हत्या के आरोपी को दबोचा, कुल्हाड़ी बरामद

48 घंटे में सुलझा अंधा कत्ल: सिविल लाइन पुलिस ने हत्या के आरोपी को दबोचा, कुल्हाड़ी बरामद

पैसों के लेन-देन के विवाद में की थी महेंद्र अहिरवार की हत्या, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस ने किया खुलासा
सागर। सागर जिले की सिविल लाइन थाना पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। मृतक की पहचान महेंद्र अहिरवार (35) निवासी किशोर न्यायालय बस्ती, सागर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 1 अगस्त को नए बस स्टैंड के सामने खाली मैदान में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और मृतक के भाई सुरेंद्र अहिरवार की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी तथा नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी सीताराम पटैल निवासी तिली, सागर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महेंद्र अहिरवार के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद था। विवाद बढ़ने पर उसने आवेश में कुल्हाड़ी से हमला कर महेंद्र की हत्या कर दी और फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में थाना सिविल लाइन की टीम और साइबर सेल के अधिकारियों की सराहनीय भूमिका बताई है।

Leave a Comment

Read More