शासकीय पॉलीटेक्निक सागर में प्रवेश का फिर मौका, 14 सितंबर तक ले सकेंगे दाखिला

शासकीय पॉलीटेक्निक सागर में प्रवेश का फिर मौका, 14 सितंबर तक ले सकेंगे दाखिला
सागर, 19 अगस्त 2026। सहोद्रा राय शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, सागर में तकनीकी शिक्षा में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों के लिए एक और अवसर दिया गया है। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद, नई दिल्ली द्वारा प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाए जाने के बाद संचालनालय, तकनीकी शिक्षा के निर्देशानुसार महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया पुनः शुरू कर दी गई है। इच्छुक विद्यार्थी 14 सितंबर 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे।
महाविद्यालय में आर्किटेक्चर एंड इंटीरियर डिजाइन, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, फैशन टेक्नोलॉजी तथा मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट पाठ्यक्रमों में कुछ सीटें रिक्त हैं। सभी डिप्लोमा पाठ्यक्रम तीन वर्षीय हैं। प्रवेश के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10वीं उत्तीर्ण होना न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है।
20 अगस्त से एमपी ऑनलाइन के माध्यम से पंजीयन शुरू होगा। पंजीयन के बाद अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर सुबह 10:30 बजे से महाविद्यालय में उपस्थित होकर आवश्यक मूल दस्तावेज एवं उनकी छायाप्रतियां प्रस्तुत कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रवेश रिक्त सीटों की उपलब्धता और संचालनालय, तकनीकी शिक्षा, मध्यप्रदेश के निर्धारित नियमों के अनुसार दिया जाएगा।
रोजगार के साथ उच्च शिक्षा का भी अवसर
सहोद्रा राय शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के साथ उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। अनुभवी संकाय और सुसज्जित प्रयोगशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं उद्योग-प्रासंगिक ज्ञान दिया जाता है।
तीन वर्षीय डिप्लोमा के बाद विद्यार्थी शासकीय एवं निजी क्षेत्र में उपयंत्री सहित विभिन्न पदों पर रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। वहीं उच्च शिक्षा जारी रखने वाले विद्यार्थी अपनी पात्रता के अनुसार लेटरल एंट्री के माध्यम से बीटेक के द्वितीय वर्ष में प्रवेश ले सकते हैं। विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं छात्रवृत्तियों का लाभ भी पात्रता के अनुसार उपलब्ध है।
महाविद्यालय प्रबंधन ने तकनीकी शिक्षा में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाकर निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन एवं प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।

Leave a Comment

Read More