देवरी में 24 घंटे के अखंड दुर्गा चालीसा पाठ का भक्तिमय समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

देवरी में 24 घंटे के अखंड दुर्गा चालीसा पाठ का भक्तिमय समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
नशामुक्ति, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर आयोजित हुआ धार्मिक अनुष्ठान
देवरी कलां। भगवती मानव कल्याण संगठन शाखा देवरी, जिला सागर के तत्वावधान में फोरलेन सहजपुर रोड स्थित बलराम मैरिज गार्डन, महाराजपुर में आयोजित 24 घंटे के अखंड दुर्गा चालीसा पाठ का बुधवार को भक्तिमय वातावरण में समापन हुआ। धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्रभर से हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इस दौरान भक्तों ने नशामुक्त जीवन जीने के साथ समाज में भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।
समापन अवसर पर भगवती मानव कल्याण संगठन के केंद्रीय मुख्य सचिव आशीष शुक्ला ने कहा कि मनुष्य को आत्मकल्याण के साथ जनकल्याण और समाजहित के कार्यों की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में संघर्ष आते-जाते रहते हैं, लेकिन दृढ़ संकल्प के साथ नशामुक्ति, मांसाहार-मुक्ति और समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास निरंतर जारी रहना चाहिए।
भारतीय शक्ति चेतना पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष संध्या शुक्ला ने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानी सभी के आदर्श हैं। भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और रानी लक्ष्मीबाई जैसे महान क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि देश को तोड़ने और बांटने वाली मानसिकता से सावधान रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि भारत अंग्रेजों की गुलामी से आजाद हो चुका है, लेकिन समाज को जातिवाद, छुआछूत और आपसी भेदभाव जैसी कुरीतियों से मुक्त करना अभी भी जरूरी है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण और समाज में एकता व भाईचारा स्थापित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि भगवती मानव कल्याण संगठन पूरे विश्व के कल्याण की भावना के साथ कार्य कर रहा है। संगठन द्वारा देश को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ समाज के बीच लगातार जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश, संभाग, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनमानस उपस्थित रहा। श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम का संचालन भानु प्रताप लोधी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अरविंद दीक्षित ने किया।

Leave a Comment

Read More