सागर में अवैध हथियार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 315 बोर का देशी कट्टा लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार

सागर में अवैध हथियार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 315 बोर का देशी कट्टा लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार
सागर, 21 अगस्त 2026। सागर पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वाले बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर 315 बोर का अवैध देशी कट्टा लेकर घूम रहे 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को सिटी कोतवाली पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जनता स्कूल के पास एक व्यक्ति झोले में अवैध देशी कट्टा लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
स्वतंत्र साक्षी संदीप रैकवार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के झोले से 315 बोर का एक देशी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान राज सोनी (24), पिता बलराम सोनी, निवासी रविशंकर वार्ड, थाना मोतीनगर, सागर के रूप में हुई। हथियार रखने के संबंध में लाइसेंस अथवा वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने कट्टा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5 हजार है, जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 0181/2026, धारा 25(1-B)(b), 27 आयुध अधिनियम, 1959 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच उप निरीक्षक राकेश सिंह राजपूत द्वारा की जा रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंघल, उप निरीक्षक राकेश सिंह राजपूत, आरक्षक 806 अजय सिंह परमार, आरक्षक 801 हेमंत सिंह ठाकुर और आरक्षक 758 आशीष सिंह गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में सागर पुलिस द्वारा अवैध हथियारों की तस्करी, बिक्री और अवैध रूप से हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

Leave a Comment

Read More