
जैसीनगर में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का आयोजन, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुनीं जनसमस्याएं
सागर, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित निराकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जैसीनगर में विशेष जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की मौजूदगी में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी गईं।
कार्यक्रम में कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जनसेवा भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : गोविंद सिंह राजपूत
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार में जनसेवा और जनकल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार का प्रयास है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान केवल समस्याएं सुनने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच विश्वास को और मजबूत करने का माध्यम है। प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले इन शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करेंगे। यह अभियान जनवरी तक जिला एवं खंड स्तर पर जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, संबल कार्ड, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और 181 की शिकायतों सहित विभिन्न समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की जा सकेगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से जरूरतमंद लोगों को शिविर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से हो रहा जनकल्याण
मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ देश के विकास और जनकल्याण को नई दिशा दी है। इसी भावना को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश में आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, हर घर नल-जल सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। मध्यप्रदेश में भी लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और आमजन को सशक्त बनाया जा रहा है।
सुरखी विधानसभा में विकास और जनसेवा पर विशेष जोर
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा उनका परिवार है और क्षेत्र का विकास उनकी निरंतर प्राथमिकता है। सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ गांव-गांव विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि विकास केवल बड़े निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है। किसी परिवार की समस्या का समाधान होना, पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना का लाभ मिलना, किसान की परेशानी दूर होना, महिला को सम्मान एवं सुविधा मिलना और युवा को आगे बढ़ने का अवसर मिलना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कलेक्टर ने प्राकृतिक खेती और स्वच्छता पर दिया जोर
कार्यक्रम में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्राकृतिक खेती, क्षेत्र की साफ-सफाई और जनसहयोग से गांवों के विकास पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि गांवों में होने वाले छोटे-छोटे विवादों और समस्याओं को ग्राम पंचायत तथा गांव के बुजुर्गों की सहभागिता से सुलझाने का प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस 24 घंटे आमजन की सेवा के लिए तत्पर है।
जनता से शिविर में पहुंचकर समस्याएं रखने की अपील
मंत्री राजपूत ने क्षेत्रवासियों से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि जनता की बात गंभीरता से सुनी जाए और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान ‘आपका विश्वास, हम जिम्मेदार’ की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे सरकार और जनता के बीच संवाद बढ़ेगा और जनसमस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
इस अवसर पर जैसीनगर जनपद अध्यक्ष रामबाबू ठाकुर, साहब सिंह, हरनाम सिंह, धीरज सिंह औरिया, गोलू पड़रई, नरेंद्र डब्बू आठिया, सीहोरा मंडल अध्यक्ष लोकमन लोधी सहित सरपंच, जिला पंचायत सदस्य एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।











