
मध्यप्रदेश भोपाल विशेष संवाददाता राजकुमार दुबे नरसिंहपुर
गांव-गांव पहुंचा ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’, कलेक्टर रजनी सिंह ने मौके पर सुनीं समस्याएं
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने और शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत नरसिंहपुर की ग्राम पंचायत हीरापुर में अभियान का तीसरा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी वाहन पूल के माध्यम से पहुंचे
शिविर के लिए रवाना होने से पहले कलेक्टर रजनी सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान के उद्देश्यों एवं शिविर में किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए
शिविर स्थल पहुंचने से पहले कलेक्टर रजनी सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र सिंह नागेश ने ग्राम पिठेहरा पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने गांव में मूलभूत सुविधाओं और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कलेक्टर ने शासकीय विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को दिए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी परखी
उन्होंने गांव में संचालित शासकीय भवनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें
ग्रामीणों ने बताया कि कई परिवारों के सदस्यों के नाम राशन कार्ड में दर्ज नहीं हैं। वहीं कुछ बच्चों के आधार कार्ड, ई-केवायसी एवं संबल कार्ड भी नहीं बने हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को गांव में विशेष आधार शिविर आयोजित कर पात्र लोगों के आधार कार्ड बनवाने तथा संबंधित दस्तावेजों की प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी कराने के निर्देश दिए
कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने शासकीय प्राथमिक शाला बंधी का निरीक्षण भी किया। कलेक्टर ने कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनसे पढ़ाए जा रहे अध्याय का पाठ सुना। विद्यालय में तीन शिक्षक एवं 50 विद्यार्थी पंजीकृत बताए गए
कलेक्टर ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति की जानकारी लेते हुए शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित अध्यापन और बच्चों की सीखने की क्षमता में सुधार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए
ग्राम बिचुआ के ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात कर गांव के पहुंच मार्ग की खराब स्थिति और मार्ग पर किए गए अतिक्रमण की समस्या बताई। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित तहसीलदार को राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने तथा पहुंच मार्ग से संबंधित आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
अभियान का उद्देश्य स्पष्ट है ग्रामीणों की समस्या गांव में ही सुनी जाए और पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाया जाए










