भापेल में मंदिर के समीप निर्माण कार्य पर रोक की मांग, विधायक प्रदीप लारिया ने एसडीएम को लिखा पत्र

भापेल में मंदिर के समीप निर्माण कार्य पर रोक की मांग, विधायक प्रदीप लारिया ने एसडीएम को लिखा पत्र

सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भापेल स्थित प्राचीन भगवान फूलनाथ बाबा मंदिर के समीप चल रहे निर्माण कार्य एवं कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों द्वारा उठाई गई आपत्तियों के बीच नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सागर को पत्र लिखकर निर्माण कार्य पर पुनः रोक लगाने का आग्रह किया है।

विधायक  लारिया ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि मंदिर परिसर के समीप निर्माण कार्य पूर्व में रोका गया था, लेकिन रोक समाप्त होने के बाद पुनः निर्माण की स्थिति बनी है। यह स्थल धार्मिक दृष्टि से प्राचीन व महत्वपूर्ण है और यहां वृहद मेले का आयोजन होता है, और वर्षभर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

वहीं, ग्राम पंचायत भापेल एवं ग्रामीणों की शिकायत में स्नेहधारा वेलफेयर सोसायटी की संचालक फिलोमिना पजहुरू परमबिल पुत्री जोसेफ द्वारा संबंधित संपूर्ण भूमि का डायवर्सन नहीं कराए जाने तथा निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति एवं नक्शा स्वीकृति प्राप्त नहीं होने की बात कही गई है। शिकायत में भूमि की खुदाई, पेड़ों को हटाने और पहाड़ी क्षेत्र में निर्माण कार्य किए जाने से धार्मिक स्थल के मार्ग एवं क्षेत्र की स्थिति प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।

मामला अनुविभागीय दंडाधिकारी, सागर के समक्ष भी पहुंचा है, जहां ग्रामीणों ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 164 के तहत आवेदन प्रस्तुत कर निर्माण कार्य पर रोक एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने प्रशासन से भूमि, डायवर्सन, निर्माण अनुमति एवं अतिक्रमण संबंधी तथ्यों की जांच कराते हुए धार्मिक स्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए निर्माण कार्य पर पुनः रोक लगाने का आग्रह किया है, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के धार्मिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

Leave a Comment

Read More