
सिविल अस्पताल व उपज मंडी पुलिस चौकी में बल बढ़ाने, यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग
सागर, 21 अगस्त 2026। जन विश्वास अभियान के तहत सागर रेंज के उप महानिरीक्षक श्री शशिन्द्र सिंह चौहान ने खुरई के शहरी थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों से संवाद कर शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
संवाद के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सिविल अस्पताल में पुलिस चौकी तथा उपज मंडी स्थित पुलिस चौकी पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की आवश्यकता बताई। साथ ही शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे यातायात संकेतकों को दुरुस्त कराने की मांग रखी गई।
पत्रकारों ने दोनों शहरी थानों में पुलिस बल बढ़ाने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पर्याप्त यातायात पुलिस बल उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। डीआईजी चौहान ने सभी सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुनते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
थानों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
इसके बाद डीआईजी ने खुरई के शहरी थानों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, कंप्यूटर कक्ष, महिला डेस्क, हवालात सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने थानों में पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर उनके कार्यों और समस्याओं की जानकारी ली। पुलिस बल की हौसला अफजाई करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रोत्साहित किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को डीआईजी द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
डीआईजी शशिन्द्र सिंह चौहान ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए प्रभावी, जवाबदेह एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीओपी प्रवीण अस्थाना, थाना प्रभारी खुरई शहर योगेंद्र सिंह दांगी, थाना प्रभारी खुरई ग्रामीण संतोष सिंह दांगी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











