45 दिवसीय PRCN प्रशिक्षण पूरा कर शालिनी जैन बनीं एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर


सागर, 21 अगस्त 2026। शासकीय ज्ञानोदय विद्यालय, सागर की शिक्षिका  शालिनी जैन ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA), ग्वालियर में आयोजित 45 दिवसीय PRCN प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर विद्यालय एवं सागर का गौरव बढ़ाया है।
कठिन और अनुशासित प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, मानचित्र अध्ययन, फायरिंग, आपदा प्रबंधन, योग तथा एनसीसी संगठन एवं प्रशासन सहित विभिन्न विषयों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में समयबद्धता, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता पर विशेष जोर दिया गया।
शालिनी जैन ने प्रशिक्षण की सभी गतिविधियों में उत्साह, लगन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सहभागिता की। प्रशिक्षण से उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता को और मजबूती मिली।
उनकी उपलब्धि पर संभागीय उपायुक्त  सुधीर श्रीवास्तव ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 45 दिवसीय कठिन प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करना गौरव की बात है। प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव एनसीसी कैडेट्स के प्रशिक्षण और व्यक्तित्व निर्माण में उपयोगी सिद्ध होगा।
ज्ञानोदय विद्यालय के प्राचार्य  महेश सोनी सहित समस्त विद्यालय परिवार ने भी शालिनी जैन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि OTA ग्वालियर में PRCN प्रशिक्षण पूर्ण करना विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। अब शालिनी जैन अपने अनुभव के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Leave a Comment

Read More