
सागर, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जैसीनगर क्षेत्र का भ्रमण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की राशन दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने राशन दुकान में उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही खाद्यान्न सामग्री, ई-पॉस मशीन, वितरण प्रक्रिया और दुकान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर ने अधिकारियों से राशन वितरण की प्रक्रिया और पात्र हितग्राहियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि राशन वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने राशन के गोदाम एवं भंडारण व्यवस्था को भी देखा। उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक, रख-रखाव और वितरण से संबंधित जानकारी ली। साथ ही राशन कार्डधारियों से जुड़े अभिलेखों और पात्र हितग्राहियों को वितरित किए जा रहे राशन की स्थिति की समीक्षा की।
कलेक्टर पाल ने राशन दुकान पर लगी तौल मशीन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि तौल मशीन का आवश्यक सत्यापन एवं प्रमाणित तौल संबंधी स्टिकर/प्रमाण-पत्र स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े सभी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और हितग्राही सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, एसडीएम श्री नवीन ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर मोना दांगी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











