
बांदरी। शासकीय हाईस्कूल पहरगुआं में जिला पंचायत सागर की पूर्व उपाध्यक्ष सरोज भूपेन्द्र सिंह की उपस्थिति में ‘सम्मान, जो समाज के काम आए’ संकल्प के तहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 243 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री तथा 100 जरूरतमंद लोगों को कपड़े वितरित किए गए। मंदिर समिति को हनुमान चालीसा, श्रीमद्भगवद्गीता और सुंदरकांड की प्रतियां भी भेंट की गईं।
सरोज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने संकल्प लिया है कि स्वागत-सम्मान में माला और गुलदस्ते स्वीकार करने के स्थान पर ऐसी सामग्री ग्रहण की जाए, जो विद्यार्थियों और जरूरतमंदों के काम आ सके। इसी भावना के साथ प्राप्त सामग्री को जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, कलेक्टर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचकर परिवार और समाज का नाम रोशन करें।
पहरगुआं में विकास कार्यों का उल्लेख
कार्यक्रम के दौरान सरोज भूपेन्द्र सिंह ने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पहरगुआं में दो सीसी रोड, पार्क, स्ट्रीट लाइट, खेल मैदान और इंडोर स्टेडियम सहित विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। पार्क के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये, स्ट्रीट लाइट के लिए 50 लाख रुपये, खेल मैदान के लिए 50 लाख रुपये तथा इंडोर स्टेडियम के लिए 75 लाख रुपये के कार्यों का उल्लेख किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहरगुआं में 565 आवास स्वीकृत/प्रदान किए गए हैं, जबकि लाड़ली बहना योजना के तहत 326 बहनों को लाभ मिला है।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सुधा, विश्वनाथ सिंह, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी लोधी, मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











