बीएमसी के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को मिली 60 सीटों की सौगात

बीएमसी के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को मिली 60 सीटों की सौगात
डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के प्रयासों से बुंदेलखंड को मिली बड़ी उपलब्धि
सागर, 22 अगस्त 2026। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर के शासकीय कॉलेज ऑफ नर्सिंग को 60 सीटों की मंजूरी मिल गई है। यह उपलब्धि डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के पिछले दो वर्षों से किए जा रहे निरंतर प्रयासों, प्रशासनिक पहल और दूरदर्शी कार्यप्रणाली का परिणाम है। इस मंजूरी से सागर सहित पूरे बुंदेलखंड अंचल में नर्सिंग शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वर्ष 2024 में नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश पर रोक लग गई थी। इसके बाद संस्थान की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर पुनः मान्यता और सीटें प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास किए गए। डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के सतत प्रयासों के बाद अब कॉलेज को 60 नर्सिंग सीटों की मंजूरी मिली है। इस उपलब्धि पर डीन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल का आभार व्यक्त किया।
क्षेत्रीय विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
60 सीटें मिलने से सागर के साथ दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
नर्सिंग की 60 सीटों से प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ तैयार होगा, जिसका लाभ बीएमसी सहित आसपास के शासकीय अस्पतालों को भी मिलेगा। दक्ष नर्सिंग कर्मियों की उपलब्धता से मरीजों की देखभाल और अस्पतालों की सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
बीएमसी के मीडिया प्रभारी डॉ. सौरभ जैन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डीन डॉ. पी.एस. ठाकुर के कुशल नेतृत्व और सतत प्रयासों से संस्थान को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि 60 नर्सिंग सीटों की मंजूरी बीएमसी के शैक्षणिक और चिकित्सीय विस्तार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

Leave a Comment

Read More