
मालथौन क्षेत्र में विकास को लेकर भूपेंद्र सिंह का बड़ा दावा
देवपुरा (मालथौन), 22 अगस्त 2026। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मालथौन क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों में व्यापक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि उल्दन बांध परियोजना का लाभ इसी वर्ष गांवों, खेतों और घरों तक पहुंचना शुरू हो जाएगा। परियोजना के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए पानी और परिवारों को घर-घर नल योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्राम पंचायत मुख्यालय देवपुरा में आयोजित कार्यक्रम में भूपेंद्र सिंह ने नवीन ग्राम पंचायत भवन सहित 55.68 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 8.42 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने 37.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन का अवलोकन भी किया।
उन्होंने बताया कि देवपुरा, कन्नाखेड़ी और बमोरी लाल गांवों को 75 हजार लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए करीब 7160 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। उन्होंने कहा कि परियोजना की लागत लगभग 3.55 करोड़ रुपये है और जल्द ही ग्रामीणों को नियमित शुद्ध पेयजल मिलना शुरू होगा।
विधायक ने कहा कि पहले ग्रामीणों को पेयजल के लिए हैंडपंप और कुओं पर निर्भर रहना पड़ता था तथा महिलाओं को दूर से पानी लाना पड़ता था। अब घर-घर नल पहुंचने से इस समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधा मिलने से किसानों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। कन्नाखेड़ी क्षेत्र में 182.17 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में उल्दन बांध, बीना बांध और हनोता बांध जैसी तीन प्रमुख सिंचाई योजनाएं स्वीकृत कराई गई हैं। देवपुरा में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए नया सब-स्टेशन बनाया गया है तथा विभिन्न स्थानों पर नए ट्रांसफार्मर भी स्थापित किए गए हैं।
भूपेंद्र सिंह ने मालथौन में कॉलेज, एसडीएम कार्यालय, न्यायालय भवन और कृषि उपज मंडी सहित अन्य विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मालथौन में कॉलेज बनने से वर्तमान में करीब 1700 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि न्यायालय के लिए करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से भवन तैयार किया गया है।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बलवीर सिंह राजपूत, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सरपंच तथा विभिन्न ग्रामों से आए गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











