
आपचंद गुफा के पास नदी के टापू पर फंसे 9 युवक-युवतियों का देर रात सुरक्षित रेस्क्यू
SDRF और पुलिस की टीम ने चलाया संयुक्त बचाव अभियान, विधायक गोपाल भार्गव भी पहुंचे मौके पर
सागर। सानौधा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल आपचंद गुफा के पास रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से सागर शहर से घूमने पहुंचे 9 युवक-युवतियां नदी के बीच बने एक टापू पर फंस गए। पानी बढ़ने के कारण टापू से बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सानौधा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। नदी में तेज बहाव और रात के अंधेरे को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ के जवानों ने रेस्क्यू बोट और अन्य उपकरणों की मदद से बेहद सावधानी के साथ ऑपरेशन चलाया। देर रात तक चली कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने सभी 9 युवक-युवतियों को एक-एक कर सुरक्षित नदी किनारे पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली और मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू किए गए सभी 9 युवक-युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।











